अकबरपुर, कानपुर देहात। विश्व तंबाकू निषेध दिवस एवं हाइपरटेंशन नियंत्रण माह के तहत गुरुवार को अकबरपुर स्थित के-2 होटल एंड रेस्टोरेंट में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविंद ने की।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. जय गोविंद ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इसके कारण मुंह, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (COTPA) 2003 एवं 2019 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों को तंबाकू मुक्त परिसर बनाने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. एस.एल. वर्मा ने मानसिक तनाव और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योग, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सकता है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 अथवा 1800-891-4416 पर संपर्क कर परामर्श लिया जा सकता है।
कार्यशाला में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष बाजपेयी, डॉ. आदित्य सचान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों तथा उच्च रक्तचाप की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।













