रसूलाबाद, कानपुर देहात। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत नगर पंचायत रसूलाबाद में प्रथम चरण का कार्य निर्धारित समय से पूर्व सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। इस उपलब्धि पर नगर पंचायत परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को सम्मानित किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष देव शरण कमल एवं अधिशाषी अधिकारी कुल कमल सिंह ने प्रगणकों को मालाएं पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनगणना कार्य में उनकी कार्यकुशलता समर्पण और समयबद्ध कार्यशैली की सराहना की गई।
जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकानों एवं परिवारों का मकान सूचीकरण तथा मकानों की गणना का कार्य कराया गया था। इस कार्य को समय से पूर्व पूरा करने वाले प्रगणकों में शैलेन्द्र सिंह सहायक अध्यापक प्रा०वि० करियावर अरुण प्रताप सिंह राणा प्रवक्ता अमर शहीद राजा दरियावचन्द्र इंटर कॉलेज एवं आशीष भान सिंह प्रवक्ता अमर शहीद राजा दरियाव चन्द्र इंटर कॉलेज शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए तीनों प्रगणकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी कुल कमल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को समय से पहले पूरा करना नगर पंचायत रसूलाबाद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रगणकों की मेहनत और जिम्मेदारी के कारण यह कार्य सफलता पूर्वक संपन्न हो सका।
सम्मान समारोह के दौरान नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक अमित कुमार निकाय सदस्य विनोद गुप्ता मशरूफ नवाज हासिम पठान सहित जनगणना सुपरवाइजर प्रवक्ता उमेश कुमार सिंह प्रत्यूष राजपूत एवं निकाय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।













