कानपुर देहात में मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 4000 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना रनिया पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान प्रेम नगर और मंटोरा पुल के पास फ्रंटियर कंपनी के नजदीक छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य तेल बरामद किया गया।
पुलिस टीम ने मौके से 20 ड्रम खाद्य तेल कब्जे में लिए, जिनकी कुल मात्रा लगभग 4000 लीटर बताई जा रही है।
मामले की जानकारी तत्काल खाद्य रसद विभाग को दी गई। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एसओजी टीम, सर्विलांस टीम और थाना रनिया पुलिस की संयुक्त भूमिका रही।











