कारीगरों को निःशुल्क मोटराइज़्ड दोना-पत्तल मशीन पाने का अवसर, 20 सितम्बर तक करें आवेदन

कानपुर देहात। आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत स्वरोजगार को बढ़ावा देने एवं पारंपरिक कारीगरों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ द्वारा संचालित टूलकिट वितरण योजना के तहत कानपुर देहात में वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु 12 अतिरिक्त लक्ष्य मोटराइज़्ड दोना-पत्तल मेकिंग मशीनों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कानपुर देहात अखिलेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत दोना-पत्तल निर्माण कार्य से जुड़े पारंपरिक कारीगरों तथा इस उद्योग में रुचि रखने वाले अन्य पात्र व्यक्तियों का चयन निर्धारित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।
इच्छुक लाभार्थी उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पोर्टल पर उपलब्ध “ऑनलाइन टूलकिट्स पंजीकरण एवं आवंटन” विकल्प का चयन कर पंजीकरण करना होगा। पंजीकृत आवेदन पत्र की प्रति आवश्यक अभिलेखों सहित दिनांक 20 सितम्बर 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, चिटिकपुर, रनियाँ, कानपुर देहात में जमा करनी होगी।
उन्होंने बताया कि योजना के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से 50 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा आवेदक संबंधित उद्योग का परंपरागत कारीगर होना चाहिए। आवेदन के साथ आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, जाति प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र तथा बैंक पासबुक की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। संबंधित क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त आवेदकों को चयन में वरीयता प्रदान की जाएगी।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपद के पात्र कारीगरों एवं स्वरोजगार के इच्छुक व्यक्तियों से समय से आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें