मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का जालौन में हुआ शुभारम्भ, 4 हजार से अधिक शिक्षकों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ
जालौन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए अनुबंध कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं उनके परिवार कैशलेस चिकित्सा सुविधा से लाभान्वित होंगे।
जालौन में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद सिंह चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि डॉ. मयंक त्रिपाठी, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने 26 शिक्षकों को कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। जनपद के लगभग 4 हजार शिक्षक इस योजना का लाभ प्राप्त करेंगे।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने योजना को शिक्षकों के हित में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे विशेष रूप से स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने लाभार्थी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार शिक्षकों के सम्मान और उनके स्वास्थ्य संरक्षण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह योजना सरकार के संकल्प और संवेदनशीलता का प्रमाण है।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के सम्मान और उनके स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का योगदान राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि स्वस्थ शिक्षक ही उत्कृष्ट एवं संस्कारित विद्यार्थियों का निर्माण कर सकते हैं और वही एक सशक्त समाज की नींव रखते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के स्वास्थ्य की चिंता को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण सौगात प्रदान की है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा किया गया। नोडल अधिकारी एवं दयानंद वैदिक कॉलेज उरई के प्राचार्य प्रो. राजेश चंद्र पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाएगी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सर्वेश कुमार शांडिल्य ने किया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी प्रशांत पाण्डेय सहित दयानंद वैदिक कॉलेज उरई, कालपी कॉलेज कालपी, गांधी कॉलेज उरई तथा पंडित गंगाधर पांडे महाविद्यालय जालौन के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













