2 माह बाद पुराने पुल में पूर्व की तरह शुरू हुआ आवागमन

पुराने पल के दोनों साइड हटेगा अतिक्रमण अतिक्रमण धारियों को मोहलत एक सप्ताह की दी

कालपी (जालौन)। करीब दो माह तक मरम्मत कार्य के चलते बंद रहे ऐतिहासिक पुराने यमुना पुल पर 23 जुलाई से आवागमन शुरू होते ही प्रशासन ने पुल के दोनों ओर यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं बाधारहित बनाए रखने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को नायब तहसीलदार एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना प्रबंधक ने संयुक्त रूप से दुर्गा मंदिर चौराहे से लेकर पुराने यमुना पुल तक पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे एवं सर्विस मार्ग पर करीब एक दर्जन स्थानों पर अतिक्रमण पाया गया। अधिकारियों ने सभी अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयावधि के बाद प्रशासन अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाएगा तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
गुरुवार को नायब तहसीलदार मुकेश कुमार तथा एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक इंगलेश शर्मा ने संयुक्त रूप से निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुल के दोनों छोर, सर्विस रोड, यातायात की आवाजाही तथा सड़क की स्थिति का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल तक आने-जाने वाले मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और वाहनों का आवागमन निर्बाध रूप से संचालित हो सके। अधिकारियों ने कहा कि पुल खुलने के बाद यातायात का दबाव बढ़ेगा, ऐसे में यदि सड़क किनारे अतिक्रमण बना रहा तो जाम की समस्या फिर से खड़ी हो सकती है। इसे देखते हुए समय रहते कार्रवाई की जा रही है। मालूम हो कि करीब 56 वर्ष पुराने यमुना पुल की बेयरिंग एवं एक्सपेंशन ज्वाइंट में तकनीकी खराबी आने के कारण 22 मई से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया था। इसके चलते कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग का पूरा यातायात नए यमुना पुल से संचालित किया जा रहा था। जिससे नए पुल, दुर्गा मंदिर चौराहे, सर्विस रोड पर प्रतिदिन घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती थी। स्थानीय लोगों, व्यापारियों, यात्रियों एवं एंबुलेंस तक को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मरम्मत कार्य के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा पुल की क्षतिग्रस्त बेयरिंग बदली गईं, एक्सपेंशन ज्वाइंट का नवीनीकरण किया गया तथा अन्य तकनीकी सुधार कार्य भी कराए गए। सभी आवश्यक परीक्षण पूरे होने के बाद 23 जुलाई से पुल पर पुनः वाहनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। पुराने यमुना पुल पर यातायात बहाल होने से नए पुल पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। इससे नगर क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगो और व्यापारियों ने पुल खुलने पर खुशी जताते हुए कहा कि पिछले दो माह से रोजाना जाम के कारण समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही थी। अब दोनों पुलों पर यातायात विभाजित होने से आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित होगा प्रशासन का कहना है कि पुल के दोनों ओर अतिक्रमण पूरी तरह हटने के बाद यातायात व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित होगी। भविष्य में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नियमित निगरानी के साथ आवश्यकता पड़ने पर अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया जाएगा।

पत्रकार सतीश द्विवेदी कालपी

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें