कानपुर देहात। किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक और बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडे ने भोगनीपुर और मालसा क्षेत्र के विभिन्न उर्वरक एवं बीज प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं को फर्म बोर्ड, स्टॉक और रेट बोर्ड प्रदर्शित करने, स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर अद्यतन रखने तथा आधार और खतौनी के अनुसार पॉस मशीन से ही उर्वरक वितरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शासन के मानकों के अनुसार प्रति हेक्टेयर अधिकतम 7 बोरी यूरिया और 5 बोरी डीएपी वितरित करने तथा लाइसेंस की प्रति प्रतिष्ठान पर प्रदर्शित करने को कहा गया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सभी प्रतिष्ठानों का संचालन उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985, आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 और बीज अधिनियम-1983 के प्रावधानों के अनुरूप होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान बी-पैक्स कलाई मालसा, बी-पैक्स पुखरायां, किसान बीज भंडार भोगनीपुर, सिंह ट्रेडर्स और पटेल ट्रेडर्स शाहजहांपुर से उर्वरक एवं बीज के नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं अवधेश बीज भंडार भोगनीपुर और मनु ट्रेडर्स में अनियमितताएं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही सभी बीज विक्रेताओं को शीघ्र ही साथी पोर्टल पर पंजीकरण और आवश्यक विवरण अपडेट करने के निर्देश दिए गए।










