उरई। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उ०प्र० लखनऊ के पत्र दिनांक 20 जुलाई 2026 के द्वारा अवगत कराया गया है कि एलिम्को कानपुर द्वारा भारत सरकार की एडिप योजनान्तर्गत जनपद जालौन में निवासरत दिव्यांगजनों हेतु “निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल योजना” के अंतर्गत एक दिवसीय चिन्हांकन / शारीरिक परीक्षण शिविर दिनांक 27 जुलाई 2026 को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट कैम्पस, डी०पी०आर०ओ० भवन उरई में प्रातः 11.00 बजे से सायं 04.00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
पात्रता-दिव्यांगजनों की शारीरिक रूप से दृष्टि और मानसिक स्थिति अच्छी हो एवं कमर का ऊपरी भाग स्वस्थ्य हो जो ई-ट्राईसाइकिल चलाने में सक्षम हो। योजनान्तर्गत उन्हीं दिव्यांगजनों को लाभ दिया जाएगा जिनको विगत 05 वर्ष की अवधि में किसी भी स्त्रोतों से मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्राप्त न हुई हो।
आवश्यक दस्तावेज- आधार कार्ड,यू०डी०आई० कार्ड 80 प्रतिशत अनिवार्य है,मासिक आय रु० 22500/- प्रतिमाह से कम हो,बीपीएल कार्ड/मनरेगा कार्ड/मान० सांसद/मान० विधायक / ग्राम प्रधान/पार्षद /स्वप्रमाणित आय प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत कर सकते हैं।
अतः जनपद के दिव्यांगजनों से अपील की जाती है पात्रता की स्थिति में उपरोक्त वांछित अभिलेखों के साथ अधिक से अधिक संख्या में एक दिवसीय शिविर स्थल पर निर्धारित समय तक अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपना चिन्हांकन / शारीरिक परीक्षण कराएं जिससे विभाग द्वारा उनको मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल से लाभान्वित कराया जा सके।













