कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने सहित विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को चिन्हित किया गया। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 197 वाहनों का चालान किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई कि वे नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।
कानपुर देहात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।












