रसूलाबाद कानपुर देहात। थाना क्षेत्र के दहेली गांव निवासी मुन्नू अली पुत्र महबूब अली के मकान में बीती रात शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। जिस कमरे में आग लगी, उसी में उनकी पुत्री रेशमा बानो की शादी के लिए खरीदा गया दहेज का पूरा सामान सुरक्षित रखा गया था। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य मकान की छत पर सो रहे थे। रात में फर्श गर्म होने का एहसास होने पर उनकी आंख खुली तो नीचे कमरे से आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
परिजनों और ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग की चपेट में आकर फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, डबल बेड, गद्दे, अलमारी, मिक्सी, सोफा, कुर्सियां, टीवी सहित दहेज का अधिकांश सामान जल गया। इसके अलावा शादी के खर्च के लिए रखे करीब 80 हजार रुपये भी आग में खाक हो गए।
रेशमा बानो का विवाह मैनपुरी जनपद के करहल क्षेत्र से तय था और 6 जून को बारात आनी है। परिवार ने मेहनत-मजदूरी कर बेटी की शादी के लिए सामान और धन जुटाया था, लेकिन एक ही रात में वर्षों की मेहनत राख में बदल गई। घटना के बाद परिवार के सामने शादी संपन्न कराने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। मुन्नू अली गांव के लोगों की भेड़ चराकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।उन्हीं से पैसे बचाकर वह बेटी का विवाह कर रहे थे। आग लगने के बाद हुई बर्बादी से वे आहत हैं।
गांव के लोगों और समाजसेवियों ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की बात कही है। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। लेखपाल ने नुकसान का आकलन करते हुए बताया कि नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।













