विश्व पर्यावरण दिवस पर कानपुर देहात में वृहद वृक्षारोपण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिली गति

कानपुर देहात। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत अकबरपुर स्थित नगर वाटिका नबीपुर में वृहद वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधायक पूनम संखवार, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखरेख सुनिश्चित करने की अपील की। डॉ. संजय कुमार निषाद ने पेड़-पौधों, वन्यजीवों, नदियों और तालाबों के संरक्षण को जीवन के लिए आवश्यक बताते हुए लोगों से पौधरोपण में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
राकेश सचान ने पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों की जीवितता की समीक्षा करने और औद्योगिक इकाइयों से पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड उपलब्ध कराने की बात कही। प्रतिभा शुक्ला ने नगर वाटिका नबीपुर को पर्यटन एवं पिकनिक स्थल के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में पांच करोड़ पौधरोपण अभियान चलाया गया है। इसके तहत कानपुर देहात में विभिन्न विभागों द्वारा 6.54 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने आगामी वर्षाकाल में प्रस्तावित 50.29 लाख पौधरोपण एवं बीजरोपण लक्ष्य की जानकारी भी दी।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को भी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने तथा वन अपराधों की रोकथाम में सहयोग करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और अधिकारियों ने महोगनी प्रजाति के पौधों का रोपण किया। साथ ही स्कूली बच्चों को प्रशस्ति पत्र और पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारियों ने नगर वाटिका नबीपुर का निरीक्षण कर पौधों की देखभाल, सिंचाई व्यवस्था और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्वा पाण्डेय ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, पुलिस एवं वन विभाग के कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें