आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी ने की बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

 

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने बताया कि जनपद में दिनांक 08, 09 एवं 10 जून 2026 को कुल 06 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संपन्न होगी। प्रत्येक पाली में लगभग 2,448 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा हेतु अकबरपुर महाविद्यालय अकबरपुर, अकबरपुर इंटर कॉलेज, श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर, श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज पुखरायां, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पुखरायां तथा राजकीय महाविद्यालय अकबरपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पुनः भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत आपूर्ति, पंखे, बैठने की व्यवस्था एवं स्वच्छता सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ एवं व्यवस्थित रखी जाएं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियोग्राफी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा पूर्व केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के लिए कहा गया। जिलाधिकारी ने परिवहन एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात सुचारू रखा जाए तथा वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पर्याप्त परिवहन साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नकल अथवा परीक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, पूर्ण सतर्कता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया तथा उनके प्रभावी अनुपालन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोकप्रसाद, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें