कानपुर देहात – कानपुर देहात के थाना रनियां क्षेत्र से साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फतेहपुर रोशनाई गांव निवासी श्रीमती ज्योति का मोबाइल खो जाने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से यू.पी.आई. के माध्यम से ₹88,675 रुपये ट्रांसफर कर लिए।
घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्प डेस्क रनियां में शिकायत दर्ज कराई और एनसीआरपी पोर्टल पर भी इसकी सूचना दी। शिकायत मिलते ही थाना रनियां पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ₹45,654 रुपये पीड़िता के खाते में वापस करा दिए।
पुलिस द्वारा शेष धनराशि की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है। त्वरित कार्रवाई से राहत महसूस करते हुए पीड़िता ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।












