कानपुर देहात। थाना बरौर पुलिस टीम ने रात्रि गश्त के दौरान संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक भटके हुए बालक को सुरक्षित उसके माता-पिता को सुपुर्द किया। घटना दिनांक 16/17.03.2026 की रात की है।
ग्राम तारनपुर के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी कि लगभग 4 वर्ष का एक बच्चा अकेला और घबराया हुआ इधर-उधर भटक रहा है। सूचना मिलते ही थाना बरौर पुलिस मौके पर पहुँची। बालक असहाय था और जानकारी देने की स्थिति में नहीं था। टीम ने तारनपुर व आस-पास पूछताछ की, पर ग्रामीणों ने पहचान नहीं की।
सुरक्षा के मद्देनज़र बच्चे को थाने लाया गया। महिला आरक्षी मनीषा सोनकर की सुपर्दगी में मिशन शक्ति केंद्र में उसे भोजन कराकर सुलाया गया। उच्चाधिकारियों व चाइल्ड हेल्पलाइन को तुरंत सूचना दी गई। पुलिस ने फोटो के माध्यम से आस-पास के गाँवों में परिजनों की तलाश जारी रखी।
लगातार प्रयासों से बच्चे की पहचान राज (उम्र 4 वर्ष) के रूप में हुई। वह ग्राम हारामऊ, थाना भोगनीपुर का निवासी है। पिता बबलू ने बताया कि वह राज को लेकर तारनपुर अपने बहनोई के यहाँ गया था और खेत में पानी लगाते समय बच्चे को वहीं सुला दिया था। पता नहीं कब राज वहाँ से उठकर चला गया।
बच्चे को सकुशल माता-पिता बबलू और पिंकी को सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों और आमजन ने पुलिस की इस कार्यवाही की प्रशंसा की।









