17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होंगे सेवा, जनभागीदारी, सुशासन एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश।
कानपुर देहात। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” के सकुशल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री/ प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद की अध्यक्षता में माॅ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कलेक्टेªट में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान , राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला , विधायक रसूलाबाद पूनम शंखवार , जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी , भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान , जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों, विभागवार दायित्वों, जनभागीदारी एवं कार्यक्रमों के सुचारु संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधिगण द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना एवं शासन द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा निर्धारित तिथियों पर कार्यक्रमों का सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितम्बर को सेवा दिवस के रूप में विभिन्न जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर सेवा, सुशासन, सामाजिक सरोकार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ ही आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
17 सितम्बर को प्रातः 11ः00 बजे से मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी तथा श्रम विभाग से जुड़े लाभार्थी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इसके उपरांत दोपहर 12ः00 बजे मेडिकल कॉलेज के नवीन भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। रक्तदान शिविर के साथ ही मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों को जनप्रतिनिधिगण द्वारा फल वितरण भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से जनसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ ही लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।दोपहर 1ः00 बजे इको पार्क, माती में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को टूल किट का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाने सहित अन्य विभागीय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
शाम 7ः00 बजे “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तर पर वृहद कार्यक्रम का आयोजन शुक्ल तालाब में किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही समस्त शासकीय भवनों, विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, पंचायत भवनों, अन्नपूर्णा भवनों, सरोवरों तथा विभिन्न लाभार्थियों के घरों पर भी “आशीर्वाद का दीया” जलाया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी लाभार्थियों एवं आमजन से अपील की गई है कि वे 17 सितम्बर को शाम 7ः00 बजे “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में सहभागी बनें और अपने घर पर एक दीप अवश्य प्रज्ज्वलित करें। साथ ही कार्यक्रम से संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर #आशीर्वाद_का_दीया के साथ साझा कर जनभागीदारी का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाएं।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की आगामी अवधि में आयोजित किए जाने वाले अन्य कार्यक्रमों के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की गई। अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत”, “नमो सेवा गाथा”, “आंगन मिलन सेवा”, “सेवा की कहानी”, “सेवा कलश यात्रा”, “विकसित भारत संकल्प”, “सेवा मेरा योगदान”, “सेवा सेतु अभियान”, “सेवा के रंग राष्ट्र के संग”, “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज” तथा “सुशासन एवं संवाद” सहित विभिन्न जनभागीदारी एवं जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक सेवा, जनजागरूकता, नवाचार, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प से आमजन को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रमों की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नामित नोडल अधिकारी अपने स्तर से तैयारियों की नियमित समीक्षा करें तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करें। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधिगण को आमंत्रित करने तथा उनकी गरिमामयी सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की सफलता के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ जनभागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यक्रमों के नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित कार्ययोजना की अपने स्तर से समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कराएं और प्रत्येक कार्यक्रम का सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा कार्यक्रमों के आयोजन में आपसी समन्वय, समयबद्धता एवं सुव्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी/ जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, बैठने, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निर्धारित सभी कार्यक्रमों के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजिय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 जयगोविन्द, डीएफओ प्रोमिला, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण व अन्य जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।









