
भोगनीपुर (कानपुर देहात)। कानपुर देहात की तहसील भोगनीपुर क्षेत्र में स्थित बेटालाल गेस्ट हाउस में समाजवादी पार्टी के अमरौदा ब्लॉक की संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बब्लू राजा ने की। बैठक में ब्लॉक क्षेत्र के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बब्लू राजा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार हर ग्राम पंचायत स्तर पर समितियां गठित की जाएंगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में अध्यक्ष के साथ 21 सदस्यों की टीम बनाई जाएगी, जिससे संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है, इसलिए कार्यकर्ता आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी प्रकार के आपसी विवाद से दूर रहें। पार्टी का लक्ष्य हर गांव और हर बूथ पर संगठन को मजबूत करना है।
वहीं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि किसी भी दल की सफलता उसके मजबूत संगठन पर निर्भर करती है। जिस दल का संगठन मजबूत होता है, सरकार उसी की बनती है। इसलिए कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें।
समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र पाल मनू ने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी लेनी होगी। यदि कहीं कोई समस्या आती है तो तुरंत पार्टी नेतृत्व को अवगत कराया जाए, ताकि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत कर सकें।
वहीं विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्रनियोत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के हर कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। संगठन में सभी को सम्मान मिलना चाहिए और कार्यकर्ताओं की प्रतिष्ठा पर कोई आंच न आए, इसका ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी विधानसभा में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई जा रही है, जिससे वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी को जीत दिलाकर अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जा सके।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव बंटे पाल, बनारसी बाबू पाल, पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र पाल, मनोज लाखन सिंह यादव, ब्लॉक अध्यक्ष दुरूलाल प्रजापत, सुरेंद्र पाल प्रजापत, सुरेंद्र पाल प्रधान, कासिफ खान, बीर सिंह गुड्डू, ओबेज दीवान, दीपू यादव, अमित यादव, सब्बीर भाई, राघवेंद्र सिंह, उमेश प्रजापत, नरेंद्र यादव, राम गढ़ेश महिरा, रामनक कटेरिया, पवन यादव, कुलदीप यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









