राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया 06 मार्गों के निर्माण का भूमि पूजन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बेहतर यातायात सुविधा

 

 

कानपुर देहात। अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण एवं विशेष मरम्मत कार्यों की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। क्षेत्र की सदर विधायक एवं राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला तथा पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने विधानसभा क्षेत्र की 06 प्रमुख सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत पूजन-अर्चन कर भूमि पूजन किया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इन मार्गों के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे मा0 राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के प्रयासों से स्वीकृति मिलने के बाद अब कार्य का शुभारंभ हो गया है। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी के साथ तिगाई से रोशनमऊ-सरसी मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लगभग 5.150 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर करीब 10 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके साथ ही प्रतापपुर-रास्तपुर मार्ग (लंबाई लगभग 5 किलोमीटर) का निर्माण भी लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसी क्रम में ग्राम मंडौली के निकट रिन्द नदी पर सेतु निर्माण के अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं विशेष मरम्मत कार्य (लगभग 2 किलोमीटर) का भी भूमि पूजन किया गया, जिस पर करीब 28 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं रुरा-डेरापुर से सराय गढ़ेवा मार्ग की विशेष मरम्मत का कार्य भी शुरू किया गया, जिसकी लंबाई लगभग 3 किलोमीटर है और इस पर करीब 72 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा मैथा-हथिका-कुढ़वा मार्ग की विशेष मरम्मत (लगभग 3 किलोमीटर) के लिए 97 लाख रुपये तथा भाऊपुर-मैथा रेलवे स्टेशन से रैपालपुर मार्ग (लगभग 2 किलोमीटर) की मरम्मत के लिए करीब 49 लाख 91 हजार रुपये की लागत से कार्य प्रारंभ कराया गया। इन सभी मार्गों के निर्माण से क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को दैनिक जीवन में बड़ी राहत मिलेगी। गांवों से कस्बों और शहरों तक पहुंच आसान होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से किसानों, व्यापारियों और आम ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं और इनके निर्माण से क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा मिलेगी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, संजय पांडेय, अखिलेश शुक्ला, संजय द्विवेदी, बीनू मिश्रा, बउवन द्विवेदी, अमित सिंह, शुभम शुक्ला, अखिलेश राठौर, मुकेश राठौर, शिवम तिवारी, शिवा पांडेय, लालजी दुबे, रामसजीवन कमल, ओम नारायण कुशवाहा, अखिलेश कमल, संतोष सिंह, रामखिलावन प्रजापति, ज्ञानेंद्र गौतम आदि मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें