आगामी पर्वों को शान्तिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु कानून व्यवस्था/शांति समिति की बैठक

 

नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश की हो उत्तम व्यवस्था : जिलाधिकारी

कानपुर देहात  जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आगामी पर्वों महाशिवरात्रि, होली, रमजान, नवरात्रि एवं बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए कानून व्यवस्था एवं शांति समिति की बैठक माँ मुश्तेश्वरी देवी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद कानपुर देहात में पर्वों को शान्तिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में थाना एवं तहसील स्तर पर कानून व्यवस्था एवं शांति समिति की बैठकें पूर्व में ही आयोजित की जा चुकी हैं तथा प्राप्त शिकायतों का निरंतर समाधान कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करें तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रमुख धार्मिक स्थलों पर प्रवेश एवं निकास मार्गों को यथासंभव पृथक किया जाए, मानक के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आयोजनों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। उन्होंने आयोजन स्थलों पर सादी वर्दी में महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती करने, सोशल मीडिया की सतत निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। इसके लिए प्रमुख मार्गों एवं हाईवे पर पुलिस बल एवं पुलिस वाहनों की समुचित तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समस्त थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहने तथा अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग को निर्देशित किया कि सभी संवेदनशील स्थलों एवं थानों में अग्निशमन उपकरण पूर्ण रूप से सक्रिय अवस्था में उपलब्ध रहें, जिससे किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। विद्युत विभाग को पर्वों के दौरान रोस्टर के अनुरूप निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकतानुसार एम्बुलेंस, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव एवं समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में नई परंपरा प्रारंभ न की जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी के सहयोग से पर्वों को हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि सभी बीट आरक्षी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहेंगे। उन्होंने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थानों के त्योहार रजिस्टर का अध्ययन कर संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा डीजे संचालकों के साथ बैठक कर शासन द्वारा निर्धारित मानकों की जानकारी दी जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, थाना प्रभारी, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें