कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आज मॉ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कलक्ट्रेट में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के संबंध में महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल, सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि दिनांक 12 दिसम्बर को सिकन्दरा में संदलपुर, राजपुर व डेरापुर ब्लाक अन्तर्गत 121 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम है। इसी प्रकार दिनांक 13 दिसम्बर को भोगनीपुर तहसील अन्तर्गत पुखरांया में मलासा, सरवनखेड़ा व अमरौधा ब्लाक के अन्तर्गत 62 जोडो का विवाह कार्यक्रम सम्पन्न होगा। इसी प्रकार दिनांक 14 दिसम्बर को रसूलाबाद तहसील अन्तर्गत ब्लाक रसूलाबाद व झींझक अन्तर्गत 92 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम सम्पन्न होगा, इसी दिन अकबरपुर तहसील अन्तर्गत अकबरपुर व मैथा ब्लाक के 86 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम सम्पन्न होगा। बैठक में जिलाधिकारी ने जूम मीटिंग के माध्यम से जुडे समस्त उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारियों, अधिशाषी अधिकारियों नगर निकाय, सचिव, वेन्डर्स आदि सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाली व्यवस्थाओं की पूर्व तैयारियों का स्थल निरीक्षण कर लें तथा किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए इसका विशेष ध्यान रखें। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम सरकार की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ पूरी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने नगर निकायों के अधिकारियों को भी व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से सम्मिलित होने और मंच व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रतिभागी जोड़ों तथा उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समन्वय पूर्वक कार्य किया जाए और सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी समय से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस की भी ड्यूटी लगायी जायेगी, इसी प्रकार की कोई लापरवाही क्षम्य नही होगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन0, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे।











