


कालपी (जालौन), 29 नवंबर।
मां यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को कालपी के पीला घाट पर मां यमुना नदी संरक्षण सम्मेलन एवं जल सहेली यमुना पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर यमुना को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने का संकल्प लिया।
महंत जमुना दास महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश रेलवे पुलिस महानिदेशक राजा बाबू सिंह ने आयोजक संजय सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए इस अभियान में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, पूर्व विधायक डॉ. अरुण मेहरोत्रा, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन तथा गौ सेवा संघ के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने और जल की शुद्धता बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
जिलाधिकारी समीर ने अपने संबोधन में कहा कि यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए आयोजक संजय सिंह द्वारा की जा रही पहल सराहनीय और नेक कार्य है। उन्होंने इस अभियान में सदैव सहयोग करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में आधा दर्जन जल सहेलियों ने मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। आयोजक संजय सिंह ने सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया और यमुना संरक्षण जैसे पुनीत कार्य में अधिक से अधिक लोगों से सहयोग करने की अपील की।
इसके बाद बनखंडी मंदिर से महंत के सानिध्य एवं आयोजक की देखरेख में जल सहेली यमुना पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पीला घाट पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम के समापन के बाद पदयात्रा प्रयागराज के लिए रवाना हो गई।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, सीओ सदानंद सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, महंत रविंद्र अवस्थी, महंत मनीष महाराज, भाजपा नेता रमेश तिवारी, भाजपा नगर अध्यक्ष सुबोध द्विवेदी, क्षेत्रीय मंत्री संजीव उपाध्याय, जय खत्री, जिला महासचिव अमित पांडेय, उद्योग मंडल अध्यक्ष नमन अग्रवाल, सर्राफा मंडल अध्यक्ष अरविंद उर्फ कल्लू सोनी, करन सिंह, प्रदीप किशोर तिवारी, पूर्व सभासद राजेश द्विवेदी, बाबू सिंह यादव, अधिवक्ता रविंद्र श्रीवास्तव, अवनीश वाजपेई सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, गणमान्य नागरिक एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
Author: Jansan Desh 24













