कानपुर देहात। रिजर्व पुलिस लाइन में 14 नवंबर को वामा सारथी की अध्यक्षा अर्चना सिरोही के निर्देशन में प्रथम वामा खेलोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इसमें पुलिस परिवार के बालक-बालिकाओं ने उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
खेलोत्सव के दौरान बच्चों के लिए छह प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 400 मीटर, 200 मीटर और 100 मीटर दौड़, वॉलीबॉल, थ्री लेग रेस तथा स्पून मार्बल रेस शामिल रहीं। 400 मीटर दौड़ में सिद्धार्थ ने प्रथम, आयुष मिश्रा ने द्वितीय और सार्थक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 200 मीटर दौड़ में सिद्धार्थ प्रथम, सार्थक द्वितीय और प्रियल तृतीय स्थान पर रहे। 100 मीटर दौड़ में आरुष मिश्रा ने पहला, कुनाल ने दूसरा और कार्तिक ने तीसरा स्थान हासिल किया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देवांश, आयुष, शुभम, कार्तिक और सक्षम की टीम विजेता रही, जबकि सार्थक, सिद्धार्थ, प्रियांश, अदिति और आयुष मिश्रा की टीम उपविजेता बनी। चार से सात वर्ष आयु वर्ग की थ्री लेग रेस में यशस्वी पाण्डेय और हर्षिता अग्निहोत्री की जोड़ी प्रथम, यदु और राघव की जोड़ी द्वितीय तथा प्रतीक और सूर्यांश की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही। स्पून मार्बल रेस में शिवांश ने प्रथम, सृष्टि ने द्वितीय और यशस्वी पाण्डेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चों को खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ शिक्षा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें मेहनत और लगन से पढ़ाई करने तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़कर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करना तथा खेलों के माध्यम से उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव की पत्नी मनी श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद आलोक सिंह की पत्नी आकांक्षा सिंह तथा प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचंद शुक्ला सहित पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।















