पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए हुई काउंसलिंग, आपसी सहमति से सुलझे मामले
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जिले के सभी सर्किल स्तर पर संचालित परिवार जागृति विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर आपसी सहमति से 10 परिवारों के बीच समझौता कराया गया।
अकबरपुर सर्किल के पुलिस लाइन, रसूलाबाद सर्किल के शिवली थाना, डेरापुर सर्किल के डेरापुर थाना, भोगनीपुर सर्किल के भोगनीपुर थाना और सिकंदरा सर्किल के सिकंदरा थाना में परिवार जागृति केंद्र आयोजित किए गए। यहां प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की।
कार्यक्रम के दौरान अकबरपुर सर्किल में चार, भोगनीपुर में एक, सिकंदरा में एक और डेरापुर सर्किल में चार परिवारों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस तरह कुल 10 परिवारों के विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया। शेष मामलों में काउंसलिंग के बाद अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।
परिवार जागृति केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों को संवाद और आपसी समझ के आधार पर सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य परिवारों के बीच विश्वास कायम करना, विवादों का मानवीय दृष्टिकोण से समाधान कराना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।










