कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 396 वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट नहीं पहनने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की। पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।










