कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत जिले की सभी तहसीलों में पिंक समाधान दिवस एवं मिशन शक्ति तहसील दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और पीड़ित महिलाओं को न्यायोचित सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें वीमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन पुलिस सेवा 112 और महिला हेल्पलाइन 181 के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस का उद्देश्य महिला संबंधी शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करने के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा।
कानपुर देहात पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।










