कानपुर देहात। मंगलपुर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अवैध शस्त्र और कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नहर पुल, झींझक पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ईको कार से एक व्यक्ति अवैध तमंचा लेकर आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रूरा रोड बॉर्डर स्थित जेपी स्कूल के पास चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद झींझक की ओर से आई ईको कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन से उतरकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 32 बोर और चार जिंदा कारतूस 32 बोर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परमवीर यादव, उम्र 42 वर्ष, निवासी शिवपुरी अघार, थाना एलाऊ, जनपद मैनपुरी बताया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मंगलपुर क्षेत्र की एक महिला से उसके कई वर्षों से प्रेम संबंध हैं और वह उससे मिलने जा रहा था। सुरक्षा के लिए वह तमंचा और कारतूस लेकर आया था।
आरोपी के खिलाफ मंगलपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ईको कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मैनपुरी के एलाऊ और भोगांव थानों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।











