कानपुर देहात। शासन के निर्देशानुसार कृषकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को जनपद स्तरीय किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में माह सितम्बर का किसान दिवस दिनांक 16 सितम्बर 2026 (बुधवार) को अपराह्न 12:00 बजे विकास भवन सभागार, माती में आयोजित किया जाएगा।
किसान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में कृषि एवं कृषि से संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिनमें उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, मण्डी समिति, लघु सिंचाई, सिंचाई, विद्युत, जल निगम, कृषि विज्ञान केन्द्र, अग्रणी बैंक, नेडा तथा फसल बीमा कम्पनी के जनपद स्तरीय अधिकारी शामिल रहेंगे।
किसान दिवस के दौरान कृषकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण किया जाएगा। साथ ही किसानों को विभिन्न विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों तथा नवीन एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी, जिससे वे आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव ने जनपद के समस्त कृषकों से किसान दिवस में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रस्तुत करने तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।













