परिवार जागृति केंद्रों पर 7 परिवारों में कराया गया समझौता, आपसी विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रविवार को सभी सर्किल स्तर पर “परिवार जागृति” विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की संवेदनशीलता और धैर्य के साथ काउंसलिंग कर आपसी संवाद एवं समझौते के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया गया।
अकबरपुर सर्किल के पुलिस लाइन, रसूलाबाद सर्किल के शिवली थाना, डेरापुर सर्किल के डेरापुर थाना, भोगनीपुर सर्किल के भोगनीपुर थाना और सिकंदरा सर्किल के सिकंदरा थाना में परिवार जागृति केंद्र लगाए गए। यहां प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की।
अकबरपुर में तीन, रसूलाबाद में एक, भोगनीपुर में एक और सिकंदरा में दो परिवारों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस तरह कुल सात परिवारों को फिर से एक सूत्र में जोड़ते हुए उनके विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया। वहीं, शेष मामलों में काउंसलिंग कर अगली तिथि निर्धारित की गई।
पुलिस के अनुसार “परिवार जागृति” केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से समाधान कर परिवारों में संवाद, विश्वास और सामाजिक समरसता मजबूत करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें