कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न और नंबर प्लेट की जांच की। इसके साथ ही ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई। मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 44 वाहनों के चालान किए गए और उल्लंघनकर्ताओं से कुल 79 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। सड़क सुरक्षा के लिए इस तरह के आकस्मिक चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।












