भोगनीपुर, कानपुर देहात। थाना भोगनीपुर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विवाहिता को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर 2026 को विवाहिता के पिता ने थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया गया कि उनकी 22 वर्षीय पुत्री मोनिका यादव को ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये और कार की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। आरोप है कि 2 सितंबर को ससुराल पक्ष ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत मोनिका की हत्या कर दी।
तहरीर के आधार पर थाना भोगनीपुर में मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को नामजद किया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी उपेन्द्र सिंह उर्फ बिक्की, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, पुखरायां को सट्टी रोड, भोगनीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।












