स्कूल वैन में बच्चों को बैठाकर ड्राइवर कर रहा था खतरनाक स्टंट, वीडियो सामने आने पर मचा हड़कंप

सिकंदरा, कानपुर देहात। सिकंदरा क्षेत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। ज्ञानवान पब्लिक स्कूल सिकंदरा की स्कूल वैन का चालक वाहन में मासूम बच्चों को बैठाकर सड़क पर कथित तौर पर खतरनाक तरीके से वैन चलाता नजर आया। वैन को लहराते हुए चलाने की घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि वैन के अंदर कई छोटे-छोटे बच्चे सवार थे। इसके बावजूद चालक ने उनकी जान की परवाह किए बिना वाहन को लापरवाही और खतरनाक तरीके से चलाया। सड़क से गुजर रहे लोगों और स्थानीय नागरिकों ने जब चालक की इस हरकत को देखा तो उन्होंने नाराजगी जताई और इसका विरोध किया।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके बावजूद यदि चालक इस तरह वाहन चलाते हैं तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
अभिभावकों ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर लापरवाह चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा वाहन को सीज करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सिकंदरा क्षेत्र में परिवहन विभाग द्वारा पूर्व में भी स्कूल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कुछ चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि बच्चों की जिंदगी को खतरे में डालने वाली इस घटना पर परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें