कानपुर देहात। गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना गजनेर पुलिस ने सराहनीय कार्यवाही करते हुए गुमशुदा 13 वर्षीय बालक को महज 10 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया।
ग्राम सैंथा निवासी अंशराज के गुम होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की मदद से लगातार प्रयास किए, जिसके बाद बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद पुलिस ने बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने थाना गजनेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।














