कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने शुक्रवार को राज्य आपदा मोचक निधि के अंतर्गत दैवीय आपदा से प्रभावित दो मृतकों के विधिक वारिसों को आर्थिक सहायता धनराशि प्रदान की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त कर उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। ग्राम भीखर निवासी मृतक पूरन सिंह, पुत्र जंग बहादुर सिंह, उम्र 44 वर्ष, के विधिक मृतक की पत्नी चंद्रकली, को ₹4,00,000 (चार लाख रुपये) की सहायता धनराशि प्रदान की। वहीं ग्राम बैरी दरियाव निवासी मृतक शिव स्वरूप पुत्र सीता राम उम्र 87 वर्ष की पुत्री साधना देवी को भी ₹4,00,000 (चार लाख रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि “दैवी आपदा के कारण किसी परिवार के सदस्य को खोने का दुख अत्यंत पीड़ादायक होता है। ऐसे कठिन समय में सरकार प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ सकती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक आपदा प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। शासन की मंशा स्पष्ट है कि आपदा से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें कुछ राहत मिल सके। जनप्रतिनिधि के रूप में मेरी भी प्राथमिकता है कि पात्र परिवारों तक शासन की योजनाओं एवं सहायता का लाभ समय से पहुंचे। प्रशासन को भी निर्देशित किया गया है कि आपदा प्रभावित लोगों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।














