हैदराबाद में भीषण ट्रक हादसे में अमित कुमार कठेरिया की मौत, परिवार से मिले सपा विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री

 

पुखरायां, कानपुर देहात। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर निवासी अमित कुमार कठेरिया की हैदराबाद (तेलंगाना) में हुए भीषण ट्रक हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अमित कुमार ट्रक में कंडक्टर के रूप में कार्य करते थे और अपने चालक के साथ हैदराबाद गए हुए थे। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से अमित कुमार की मृत्यु हो गई, जबकि हादसे में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी है।

अमित कुमार की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की दो छोटी-छोटी बच्चियां हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है।

घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री अपने साथियों के साथ मृतक के गांव दौलतपुर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और परिवार की हरसंभव मदद करने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान राघव अग्निहोत्री ने मृतक के भाई बालक राम कठेरिया एवं सुमित कठेरिया सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मौके पर काशिफ खान, सीता यादव, आरिफ खान सहित समाजवादी पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने अमित कुमार के असमय निधन पर गहरा दुख जताया। पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर कोई परिवार को इस कठिन समय में सांत्वना दे रहा है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें