टॉप-10 व चिन्हित माफियाओं के मामलों में प्रभावी पैरवी के निर्देश, लंबित समन-वारंट की तामीला पर जोर

कानपुर देहात। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने सभी थानों के पैरोकारों के साथ बैठक कर टॉप-10 एवं चिन्हित माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा की। इस दौरान ऑपरेशन कनविक्शन के तहत चिन्हित अभियोगों में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को विधिक प्रक्रिया के अनुसार सजा दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में गंभीर अपराधों एवं चिन्हित माफियाओं से जुड़े मामलों की वर्तमान स्थिति, न्यायालय में चल रही कार्यवाही, गवाहों की उपस्थिति और साक्ष्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि संबंधित विवेचक और अभियोजन अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने लंबित समन एवं वारंट की तामीला प्राथमिकता के आधार पर कराने तथा उसकी प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। न्यायालय से जारी आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने पर जोर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि टॉप-10 एवं चिन्हित माफियाओं से संबंधित अभियोगों की लगातार निगरानी रखी जाए। प्रत्येक चिन्हित अभियोग की प्रगति का अद्यतन विवरण तैयार रखा जाए और महत्वपूर्ण मामलों में होने वाली कार्रवाई की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को समय से दी जाए।
बैठक में पुलिस एवं अभियोजन पक्ष के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए चिन्हित मामलों में त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि ऑपरेशन कनविक्शन के तहत प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें