सिकंदरा, कानपुर देहात। थाना सिकंदरा पुलिस ने टप्पेबाजी कर महिला की कान की बाली छीनने की घटना का खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई कान की बाली को बेचकर प्राप्त 7,450 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को सिकंदरा कस्बे के बड़े चौराहे के पास एक महिला के साथ टप्पेबाजी कर उसकी कान की बाली छीन ली गई थी। मामले में महिला के पति वीरेन्द्र कुमार की तहरीर पर 22 अगस्त को थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में 9 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मानपुर पुल के पास सर्विस रोड से सैफली, समीर, नईमुद्दीन और रियाजुद्दीन उर्फ कल्ली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 7,450 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 21 अगस्त को सिकंदरा के बड़े चौराहे के पास महिला की कान की बाली छीनी थी। इसके बाद बाली को एक राहगीर को 24 हजार रुपये में बेच दिया था। आरोपियों के अनुसार, चारों ने छह-छह हजार रुपये आपस में बांट लिए थे और शेष रकम उनके पास बची थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय आरोपी एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में सैफली की उम्र करीब 32 वर्ष, समीर की 22 वर्ष, नईमुद्दीन की 36 वर्ष और रियाजुद्दीन उर्फ कल्ली की उम्र करीब 25 वर्ष है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।












