डेयरी कॉन्क्लेव–स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम का आयोजन 11 सितंबर को झाँसी में

 

कानपुर देहात। डेयरी विकास विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश में उन्नत स्वदेशी गोवंश को बढ़ावा देने, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि, डेयरी क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने तथा पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों को नवीन तकनीकों और योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से “Dairy Conclave–स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम (स्वदेशी उन्नत गोवंश, समृद्ध निवेश, सुरक्षित भविष्य खुशहाल उत्तर प्रदेश)” का आयोजन किया जा रहा है।
डॉ. हेमंत कुमार, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक/नोडल अधिकारी, डेयरी विकास विभाग, कानपुर देहात द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रानी लक्ष्मी बाई पार्क, जनपद झाँसी में आयोजित होगा। कार्यक्रम का समय पूर्वाह्न 9:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक निर्धारित है।
इस आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में उन्नत स्वदेशी गोवंश को प्रोत्साहित करते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की दिशा में आगे बढ़ाना, डेयरी क्षेत्र के विकास को गति देना तथा दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में नन्द बाबा दुग्ध मिशन, उत्तर प्रदेश डेयरी विकास एवं दुग्ध उत्पादन प्रोत्साहन नीति-2022 सहित विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कार्यक्रम में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री  धर्मपाल सिंह, राज्य मंत्री  कृष्णा पासवान सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पशुपालक, गोपालक, दुग्ध उत्पादक, उद्यमी एवं निवेशक प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण
विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं उनका प्रदर्शन।
विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले पशुपालकों एवं निवेशकों का प्रस्तुतिकरण।
निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित निवेशकों द्वारा अपने स्टॉल के माध्यम से दुग्ध उत्पाद एवं नवाचारों का प्रदर्शन।
डेयरी क्षेत्र में नवीनतम तकनीक, स्वदेशी नस्ल के गोपालन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी एवं विचार-विमर्श।
कार्यक्रम का यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण।
डॉ. हेमंत कुमार, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक/नोडल अधिकारी, डेयरी विकास विभाग, कानपुर देहात ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों, उद्यमियों एवं निवेशकों को एक साझा मंच मिलेगा तथा प्रदेश में डेयरी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार से जोड़ने में सहायता मिलेगी। उन्होंने जनपद के संबंधित पशुपालकों एवं दुग्ध क्षेत्र से जुड़े हितधारकों से कार्यक्रम में सहभागिता का आह्वान किया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें