सेवा से सरोकार और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प साथ-साथ, नए सदस्य लगाएगा 100 पौधे
जालौन। मानव सेवा को जनभागीदारी से और व्यापक बनाने की दिशा में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी को नई ताकत देने की तैयारी है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में 15 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। इसके साथ ही रेडक्रॉस के प्रत्येक सदस्य को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए अपने क्षेत्र में 100-100 पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि अभियान को गांव से लेकर नगर क्षेत्र तक व्यापक रूप दिया जाए। ब्लॉक प्रमुख, नगर निकाय अध्यक्ष, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) एवं पूर्व प्रधानों सहित समाज के प्रभावशाली एवं जागरूक लोगों को रेडक्रॉस सोसायटी से जोड़ा जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अधिक से अधिक लोगों को रेडक्रॉस का सदस्य बनने के लिए प्रेरित करने और अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रेडक्रॉस की ताकत जितनी अधिक जनभागीदारी से बढ़ेगी, जरूरतमंदों तक सेवा की पहुंच भी उतनी ही व्यापक होगी। इसी सोच के साथ सदस्यता अभियान को सामाजिक सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया है। रेडक्रॉस से जुड़ने वाला हर सदस्य एक साथ मिलकर अपने क्षेत्र में 100 पौधे लगाएगा और केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर उनकी देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएगा। इस पहल से जनपद में बड़े पैमाने पर पौधारोपण के साथ सामाजिक सेवा के लिए स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क तैयार होगा। प्रशासन की मंशा है कि रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियां जनपद के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचें और अधिक से अधिक नागरिक मानव सेवा, सामाजिक दायित्व तथा पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़कर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद आदि सहित पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।












