नई दिल्ली/पुखरायां (कानपुर देहात)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के संगठन, राजनीतिक गतिविधियों तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
राघव अग्निहोत्री ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही वह अपने साथियों के साथ नई दिल्ली पहुंचे। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि देश का युवा ही देश का भविष्य है और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद राघव अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान अखिलेश यादव ने भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र की संगठनात्मक स्थिति, जनसंपर्क अभियान और पार्टी की गतिविधियों की जानकारी ली। राघव अग्निहोत्री ने उन्हें क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए भरोसा दिलाया कि भोगनीपुर विधानसभा का प्रत्येक समर्पित समाजवादी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ पार्टी के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जिसे भी भोगनीपुर विधानसभा से प्रत्याशी बनाएगी, संगठन पूरी ताकत और एकजुटता के साथ उसे विजयी बनाकर विधानसभा भेजने का कार्य करेगा। इस अवसर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।









