भूजल सप्ताह के अंतर्गत जल संरक्षण संदेश जागरूकता वाहन रैली को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

कानपुर देहात। भूजल सप्ताह के अंतर्गत जनपद में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट  कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा जल संरक्षण संदेश जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन का आधार है तथा भूजल स्तर को सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से वर्षा जल संचयन को अपनाने, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। जागरूकता वाहन रैली के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, जल की बचत तथा जल सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। रैली के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए जनसामान्य से जल बचाने एवं वर्षा जल संचयन को अपनाने का आह्वान किया। जल है तो कल है के संदेश के साथ सभी नागरिकों से जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाकर भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने की अपील की गई। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 जयगोविन्द, सहायक अभियन्ता लघु सिंचाई सुधाकर सिंह, एक्सियन जल निगम टीआर कटारिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिरूद्ध सिंह, डीसी नरेगा अशोक कुमार, जिला आबकारी अधिकारी संजय यादव, जिला कृषि अधिकारी उप निदेशक कृषि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, आदि उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें