कालपी (जालौन) अनुरागिनी संस्था द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से विकास खंड महेवा के ग्राम शाहजहांपुर में स्वास्थ्य शिविर एवं महिला चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना तथा महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था। शिविर में 287 ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिनमें महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों एवं बच्चों की बड़ी संख्या शामिल रही। परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अनुपमा लोधी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य पूरे परिवार के स्वास्थ्य से जुड़ा होता है। यदि महिलाएं स्वस्थ और जागरूक होंगी तो समाज भी स्वस्थ एवं सशक्त बनेगा। उन्होंने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि संस्था पिछले 30 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध हो जाती हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने से गंभीर बीमारियों की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाती है और उनका उपचार भी समय रहते संभव हो पाता है। संस्था भविष्य में भी जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
स्वास्थ्य शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबई से डॉ. कल्पना, डॉ. अनीता शर्मा एवं डॉ. दूरवार,होम्योपैथिक अस्पताल कालपी से डॉ. नितेश सचान तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुरखी से आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सक डॉ. अनीश,ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं चिकित्सकों ने रक्तचाप, मधुमेह, सामान्य रोगों, महिलाओं एवं बुजुर्गों से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ अनिल कुमार, संतवीर, राजू पाल एवं विशाल भारती ने भी शिविर के संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया कार्यक्रम में जिला महिला थाना की उपनिरीक्षक रजनी ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 एवं अन्य सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में बिना संकोच पुलिस एवं संबंधित विभागों से संपर्क करने का आह्वान किया तथा उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर एवं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया महिला चौपाल के दौरान महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया की रोकथाम, मासिक धर्म स्वच्छता, परिवार कल्याण, टीकाकरण एवं स्वच्छ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया कार्यक्रम में जिला केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राजावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। अनुरागिनी संस्था की ओर से कार्यक्रम संयोजक धर्मेन्द्र सिंह परमार, रविन्द्र सिंह परमार, श्याम करन प्रजापति एवं कार्यकर्ता अर्जुन द्विवेदी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत सचिव भगवती सोनी,आशा एवं मुख्य सेविका कंचन सिंह, ब्लॉक समन्वयक करण सिंह, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री सीमा दीक्षित, मिथिलेश, पुष्पा, सुनीता एवं निशा परवीन सहित अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियाँ,गोविंद सिंह एवं ब्रजभूषण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र बबेले ने किया अनुरागिनी संस्था के श्याम करन प्रजापति ने सभी चिकित्सकों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
पत्रकार सतीश द्विवेदी कालपी













