कुठौंद (जालौन) कुठौंद थाना क्षेत्र के शनगढ़ घाट के पास यमुना नदी में मिले युवती के शव की पहचान औरैया जनपद के ग्राम सलैया निवासी 18 वर्षीय काजल सिंह पुत्री जितेंद्र सेंगर के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई थी। सोमवार को युवती के चाचा जय नारायण सेंगर ने शव की पहचान अपनी भतीजी काजल सिंह के रूप में की।
जानकारी के अनुसार काजल सिंह 10 जून को कोचिंग जाने की बात कहकर मुरादगंज गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बताया गया कि वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गई थी।
युवती के लापता होने के बाद परिजनों ने कोतवाली औरैया में अज्ञात युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आशंका जताई गई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति युवती को अपने झांसे में लेकर गया है।
गौरतलब है कि 11 जून की सुबह कुठौंद थाना क्षेत्र के शनगढ़ घाट के पास यमुना नदी में एक युवती का शव उतराता हुआ मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था तथा उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू किए थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक जगदम्बा प्रसाद दुबे ने बताया कि शव की पहचान काजल सिंह के रूप में हो चुकी है। मृतका बी.ए. की छात्रा थी। उन्होंने बताया कि 15 जून 2026 को मृतका के चाचा जय नारायण सेंगर पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सिंह निवासी सलैया, जनपद औरैया को शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद वह थाना कुठौंद पहुंचे, जहां फोटो देखकर उन्होंने मृतका की पहचान अपनी भतीजी काजल सिंह के रूप में की। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों की जानकारी कोतवाली औरैया को उपलब्ध करा दी गई है। घटना से परिजनों में शोक व्याप्त है।










