कुठौंद (जालौन) पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में चलाए जा रहे संदिग्ध अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना कुठौंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काफी समय से फरार चल रहे गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार थाना बड़ागांव, जनपद झांसी में दर्ज मुकदमा संख्या 62/2026, धारा 2(ख)/3(1) गैंगस्टर एक्ट 1986 से संबंधित आरोपी राममोहन यादव पुत्र ओमप्रकाश यादव (34 वर्ष) निवासी ग्राम शेखपुर अहीर, थाना कुठौंद, जनपद जालौन को गिरफ्तार किया गया। आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक राजकुमार पाण्डेय, कांस्टेबल साबिर खान तथा रिक्रूट कांस्टेबल सोनू कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।










