कुठौंद जालौन। थाना कुठौंद में पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण अभियान के तहत थाना कुठौंद प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे के नेतृत्व में कुठौंद पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए एक महिला के खोए हुए दो कीमती मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें सकुशल वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार नेहा पत्नी राजा सिंह ने थाना कुठौंद में प्रार्थना पत्र देकर अपने दो मोबाइल फोन गुम होने की सूचना दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस ने सर्विलांस एवं अन्य तकनीकी संसाधनों की सहायता से मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दोनों मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रैक कर बरामद कर लिए।
बरामद मोबाइल फोन में एक लावा कंपनी का स्मार्टफोन तथा एक रेडमी कंपनी का स्मार्टफोन शामिल है। दोनों मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 26 हजार रुपये बताई गई है। बरामदगी के बाद महिला को थाने बुलाकर पूरी पारदर्शिता के साथ दोनों मोबाइल फोन वापस सौंप दिए गए।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने कुठौंद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए जालौन पुलिस का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्यवाही को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
जिला क्राईम रिपोर्टर -अनूप मिश्रा













