शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर करें गुणवत्तापूर्ण निस्तारण : जिलाधिकारी
प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर कराएं समाधान, शिकायतकर्ता से लें फीडबैक : जिलाधिकारी
कानपुर देहात की समस्त तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विधायक रसूलाबाद पूनम शंखवार, जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह ने तहसील रसूलाबाद में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील रसूलाबाद में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 188 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर परीक्षण किया जाए और समाधान के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसका फीडबैक भी लिया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तोरना एवं नारखुर्द ग्रामों से संबंधित अवैध कब्जा/अवैध निर्माण के मामलों में आवश्यक कार्रवाई न करने पर संबंधित लेखपालों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई किए जाने हेतु उप जिलाधिकारी रसूलाबाद को निर्देश दिए।
उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस तथा तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करें, शिकायत पंजिका का संधारण करें, प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील रसूलाबाद क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (न्याय) दिग्विजय सिंह को निर्देशित किया कि अधिकारियों को चेकलिस्ट उपलब्ध कराते हुए संबंधित ग्रामों का निरीक्षण कराया जाए तथा निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी संकलित किया जाए।
जनपद की अन्य तहसीलों में भी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुना गया तथा उनके निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्याय) दिग्विजय सिंह, उप जिलाधिकारी रसूलाबाद सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












