वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर शहीदों को नमन एवं राष्ट्रभाव से ओतप्रोत कार्यक्रम का हुआ आयोजन
कानपुर देहात,
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में आज जनपद में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन ने की, जबकि अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद के गौरव—शहीदों की स्मृति में ईको पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पण कर किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन कर पुष्प अर्पित किये। इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा शहीद अनुराग सिंह की पत्नी श्रीमती विनीता सिंह, शहीद योगेंद्र पाल की पत्नी श्रीमती अनीता सिंह तथा शहीद पत्नी माया कुशवाहा के पुत्र राहुल कुशवाहा को शाल उढ़ाकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शहीदों के बलिदान से ही आज राष्ट्र सुरक्षित और सशक्त है। यह सम्मान उनकी अमर गाथा को नमन है। श्रद्धांजलि अर्पण के पश्चात विकास भवन सभागार में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ ‘राष्ट्रवाद के अग्रदूत बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय’ द्वारा 1875 में रचित राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक वाचन किया गया। सभागार देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। उपस्थित जनसमूह ने जब एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का वाचन किया, तो पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हो उठा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन ने अपने संबोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ मात्र एक गीत नहीं, बल्कि यह राष्ट्र की आत्मा का प्रतीक है। इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के प्रत्येक चरण में भारतीयों को एक सूत्र में बाँधा और आज भी यह गीत हमें एकता, त्याग व समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि शहीदों की गाथाएँ हमारे दिलों में सदैव जीवित रहेंगी और उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर हम जनपद को विकास की नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने का संकल्प लेते हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ हमें अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। जिस प्रकार स्वतंत्रता सेनानियों ने राष्ट्र के लिए सर्वस्व समर्पित किया, उसी भावना से आज हमें समाज सेवा, प्रशासनिक उत्तरदायित्व एवं जनता के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हमें अपने सांस्कृतिक गौरव से जोड़ता है और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम का संचार करता है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय ने कहा कि देश की सुरक्षा एवं अखंडता का आधार ही राष्ट्रभक्ति है। शहीदों की कुर्बानियाँ हमें सिखाती हैं कि मातृभूमि की रक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे देश के गौरव, संविधान और कर्तव्यों के प्रति सदैव समर्पित रहें तथा शहीदों की वीरता को अपनी प्रेरणा बनाएं। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी विकास भवन सभागार में देखा व सुना गया। मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जिसने देश को स्वतंत्रता के लिए एकजुट किया। कार्यक्रम के अंत में समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों ने एक साथ खड़े होकर ‘वंदे मातरम्’ गीत का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा सभागार राष्ट्रभाव से गूंज उठा। वातावरण में देशभक्ति की अनुगूंज देर तक बनी रही।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक वीरेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीएफओ एके पाण्डेय, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर अंकित सक्सेना, डीसी एनआरएलएम गंगाराम वर्मा, उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। आज का यह आयोजन राष्ट्रगौरव, एकता और समर्पण की भावना का जीवंत प्रतीक बना।











