कानपुर देहात। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चलाए जा रहे “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत भोगनीपुर तहसील के अमरौधा विकास खंड स्थित ग्राम पंचायत रनिया में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल की अध्यक्षता मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं एवं सुझाव सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने लाइब्रेरी और अंत्येष्टि स्थल निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की मांग रखी। इस पर संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चौपाल में ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि गांव में निर्मित पेयजल टंकी से जलापूर्ति शुरू कर दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, जनभागीदारी को मजबूत बनाने तथा सुशासन को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













