कानपुर देहात। अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बुधवार को अकबरपुर स्थित मालती गेस्ट हाउस में जनसुनवाई कर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए फरियादियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान मोहम्मदपुर निवासी हरिओम द्विवेदी ने गांव में जर्जर विद्युत तारों की समस्या उठाई, जबकि गौरियापुर के प्रधान प्रतिनिधि सरमन तिवारी ने गौरियापुर समेत पांच गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की जानकारी दी। इस पर मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अधीक्षण अभियंता सुमित व्यास से वार्ता कर विद्युत व्यवस्था को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं सभासद शिव सिंह नायक ने सड़क निर्माण से संबंधित समस्या रखी, जबकि अकबरपुर की नन्ही देवी ने पारिवारिक लाभ योजना से जुड़ी शिकायत प्रस्तुत की। जनसुनवाई में कुल लगभग 35 शिकायतें मंत्री के समक्ष आईं, जिनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जनसुनवाई केवल शिकायतें सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं जनता की सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य किया जाता रहेगा तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण सरकार की प्राथमिकता में शामिल रहेगा। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, बउवा पांडेय, सरमन तिवारी, नरेंद्र तिवारी, सरमन तिवारी, हरिओम द्विवेदी, बबलू भारती, महेश राजावत, सिंह नायक, शुभम शुक्ला, घनश्याम शुक्ला, संजय पांडेय, राम सिंह यादव, गुड्डू मिश्रा आदि मौजूद रहे।













