मतदाता जागरूकता की पाठशाला बने विद्यालय, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं से लोकतंत्र का महत्व समझ रहे विद्यार्थी

 

शुद्ध मतदाता सूची और मतदान के महत्व पर निबंध लेखन, ईवीएम-वीवीपैट एवं निर्वाचन प्रक्रिया पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित

जालौन। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान को नई गति दी जा रही है। युवाओं एवं भावी मतदाताओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व से जोड़ने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में जनपद के समस्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विद्यालय एवं संस्थान स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। निबंध प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ तथा ‘मतदान का महत्व’ विषय दिए गए हैं। विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए 500 से 800 शब्द तथा महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए 800 से 1200 शब्दों की शब्द सीमा निर्धारित की गई है। वहीं क्विज प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित प्रश्न शामिल किए गए हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन व्यवस्था की बारीकियों को समझने और लोकतंत्र में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक होने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। प्रथम चरण में 16 नवंबर को संस्थान स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय से दो सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद 18 नवंबर को विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिता होगी, जिसमें प्रत्येक संस्थान से चयनित विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। इस चरण से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 10 श्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। अंतिम चरण की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 20 नवंबर को आयोजित होगी, जिसमें जनपद के विजेता विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को जागरूक मतदाता के रूप में तैयार करना है, ताकि विद्यार्थी स्वयं निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने के साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी शुद्ध मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा मतदान के प्रति जागरूक कर सकें। लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें