कानपुर देहात। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में इको पार्क कम्युनिटी हॉल, माती, कानपुर देहात में जनपद स्तरीय युवा उत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, देवेंद्र कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी, एस.एन. कटियार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक एवं राजू साहू, जिला वित्त एवं लॉजिस्टिक परामर्शदाता द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0’ के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि यह अभियान दिनांक 28 अक्टूबर 2026 से 26 दिसंबर 2026 तक कुल 60 दिनों के लिए संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू, धूम्रपान एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली हानियों एवं दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इनके सेवन से बचाव एवं रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा उपस्थित सभी लोगों को तंबाकू एवं नशीले पदार्थों का सेवन न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उपस्थित एवं कार्यक्रम में आने वाले लाभार्थियों, छात्र-छात्राओं, बच्चों, अभिभावकों एवं अन्य आगंतुकों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें मानसिक तनाव से दूर रहने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार का सेवन करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा तंबाकू, धूम्रपान एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने के संबंध में आवश्यक परामर्श एवं सुझाव प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।













