ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से की जांच की मांग

कानपुर देहात। तहसील भोगनीपुर क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में ग्राम सभा की भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में स्थित गाटा संख्या 286 व 287, जो कि ग्राम सभा की भूमि बताई जा रही है, उस पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि बिल्हापुर स्थित रौनक ढाबा से जुड़े निवासी मोहम्मद अतीक पुत्र अब्दुल सलाम और मोहम्मद अशफाक पुत्र अब्दुल सलाम द्वारा उक्त भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जबकि यह जमीन सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित बताई जाती है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि इस पूरे मामले में संबंधित लेखपाल की मिलीभगत भी सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव के एक जिम्मेदार युवक ने इस कब्जे का विरोध किया तो लेखपाल ने उसे कथित रूप से धमकी देते हुए कहा कि यदि ज्यादा विरोध किया गया तो गांव के लगभग 100 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम सभा की जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं, इसके बावजूद यदि जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से कब्जा कराया जा रहा है तो यह बेहद गंभीर मामला है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गाटा संख्या 286 व 287 की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए ग्राम सभा की भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें